डोडा चूरा पर ₹2000 प्रति किलो मुआवजे की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा समाचार रमेश डांड 
आकोला। अफीम उत्पादक किसानों ने मांडलगढ़ उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर डोडा चूरा का ₹2000 प्रति किलो की दर से मुआवजा देने की मांग की। किसानों ने बताया कि वर्ष 2016 से पहले राज्य सरकार ठेका प्रणाली के तहत डोडा चूरा खरीदती थी, लेकिन इसके बंद होने के बाद किसानों को डोडा चूरा नष्ट करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
किसानों ने मांग की कि या तो डोडा चूरा का उचित मुआवजा दिया जाए अथवा किसानों को अपने खेतों में ही इसे जमींदोज/नष्ट करने की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि इससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी, जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा और भंडारण की समस्या से भी राहत मिलेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान अफीम आयाम प्रमुख बद्रीलाल तेली सहित मांडलगढ़ तहसील के बड़ी संख्या में अफीम उत्पादक किसान मौजूद रहे।